भोपाल. चलती ट्रेनों में यात्रियों के मोबाइल चुराने वाले एक शातिर चोर को आरपीएफ ने पकडा. चलती ट्रेन से चोरी कर भाग रहे एक शातिर चोर को रंगे हाथों पकड़कर जीआरपी को सुपुर्द किया गया. वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने बताया कि रेलवे सुरक्षा बल के आरक्षक अमित कुंडू एवं आरक्षक धर्मेंद्र कुमार शिफ्ट अपनी ड्यूटी करते हुए मोटरसाइकिल से गश्त कर रहे थे. इसी दौरान वे सुबह लगभग 4 बजे भारत टॉकीज ब्रिज के पास किलोमीटर संख्या 835/42 पर पहुंचे. वहां गश्त के दौरान गाड़ी संख्या 18234 (छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस) के गुजरते समय एक व्यक्ति को चलती ट्रेन से उतरकर संदिग्ध स्थिति में भागते हुए देखा गया. संदेह के आधार पर उक्त व्यक्ति को रोका गया तथा पूछताछ में उसने अपना नाम नावेद उम्र 32 वर्ष, निवासी भोपाल बताया. तलाशी के दौरान उसके पास से चार मोबाइल फोन एवं एक लेडिस पर्स बरामद हुआ. पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि लेडिस पर्स उक्त गाड़ी संख्या 18234 से तथा मोबाइल फोन अन्य ट्रेनों से चोरी किए गए थे.
