
भोपाल। इंदौर में दूषित पेयजल से हुई मौतों के बीच जिला कलेक्टर शिवम वर्मा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कलेक्टर वर्मा महापौर पुष्यमित्र भार्गव के साथ देर रात राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यालय से बाहर निकलते नजर आ रहे हैं। इस दृश्य को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है और कांग्रेस ने इसे प्रशासनिक निष्पक्षता से जोड़ते हुए सरकार पर निशाना साधा है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने वीडियो साझा करते हुए कहा कि जब शहर के कई इलाकों में दूषित पानी से लोगों की जान जा रही है और परिवार शोक में डूबे हैं, ऐसे समय में प्रशासनिक अधिकारियों की प्राथमिकता संकटग्रस्त क्षेत्रों और पीड़ितों के बीच होनी चाहिए। उन्होंने इस मुलाकात को लेकर सवाल उठाते हुए प्रशासन की भूमिका पर टिप्पणी की।
वहीं कांग्रेस के मीडिया सलाहकार के.के. मिश्रा ने सोशल मीडिया पर कहा कि इस मामले को लेकर पार्टी कलेक्टर की शिकायत कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग में दर्ज कराएगी।
कुछ सेकंड के वायरल वीडियो में कलेक्टर शिवम वर्मा और महापौर पुष्यमित्र भार्गव संघ कार्यालय सुदर्शन से बाहर निकलते दिखाई दे रहे हैं। मीडिया में आई खबरों के मुताबिक, संघ पदाधिकारियों द्वारा भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पेयजल की स्थिति को लेकर कलेक्टर और महापौर से चर्चा किए जाने की बात सामने आई है। फिलहाल यह वीडियो प्रशासनिक कामकाज और राजनीतिक प्रतिक्रिया के केंद्र में बना हुआ है।
