इंदौर: शहर के 19 व्यापारियों के साथ धोखाधड़ी का मामला सामने आया है. मामले में क्राइम ब्रांच ने कायमी कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, वहीं एक की तलाश की जा रही है. मामला शक्कर व्यापार से जुड़ा है. आरोपियों द्वारा शक्कर लेने के बाद उसका पैसा नहीं दिया जा रहा था.डीसीपी क्राइम ब्रांच राजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि व्यापारियों की शिकायत पर क्राइम ब्रांच ने मामला दर्ज किया है.
इसमें तरुण जैसवानी को पकड़ लिया है, वहीं उसके एक साथी की तलाश की जा रही है. इस मामले में 19 फरियादी हैं, जो पिछले डेढ़ साल से परेशान थे. उन्होंने बताया कि आरोपी और फरियादियों के बीच शक्कर के लेन-देन का कामकाज था. इस व्यापार में आरोपियों ने व्यापारियों से लगातार शक्कर ली और उसका पेमेंट नहीं किया. आरोपी बार-बार उन्हें पेमेंट का भरोसा दिलाते रहे. इसमें उन्होंने एग्रीमेंट भी किया, मगर फरियादियों को पैसा नहीं लौटाया गया.
डीसीपी ने बताया कि इस मामले में शिकायत मिलने के बाद क्राइम ब्रांच ने आरोपी पक्ष को क्राइम ब्रांच बुलवाया गया अपना पक्ष रखने के लिए, लेकिन वे नहीं आए. इस पर क्राइम ब्रांच ने केस दर्ज किया और आरोपी तरुण जैसवानी को गिरफ्तार कर लिया. इस मामले में एक और आरोपी की तलाश जारी है. बताया जा रहा है कि आरोपी चॉकलेट कारोबार से जुड़ा हुआ है. वह पहले छोटे-छोटे सौदे करता और पेमेंट कर भरोसा जीतता रहा. बाद में बड़ी मात्रा में शक्कर खरीदना शुरू किया और इसका पेमेंट भी नहीं किया.
