
जबेरा/दमोह.सागौनी वन परिक्षेत्र के लरगुवा गांव के तालाब में ग्रामीणों ने रविवार को मछली पकड़ने वाला जाल डालकर एक मगरमच्छ को पकड़ा है.बताया जा रहा है कि पिछले मार्च माह से तालाब में मगरमच्छ दिखाई दे रहा था,जिससे ग्रामीणों मे दहशत का माहौल था.क्योंकि तालाब के किनारे से ही रहवासी क्षेत्र लगा हुआ है. यहां तक कि ग्रामीणों ने मगरमच्छ के कारण तालाब जाना तक बंद कर दिया था.ग्रामीणों ने तालाब में दिख रहे मगरमच्छ का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी वायरल किया और वन विभाग को सूचना दी थी. जिसके बाद मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने तालाब में झाड़िया देखकर मगरमच्छ का रेस्क्यू करने में असमर्थता जताई थी.
जिसके कारण ग्रामीण पिछले एक माह से मगरमच्छ की दहशत में थे. ग्रामीणों से रविवार को तालाब में मछली पकड़ने वाला जाल डाला,जिसमे मगरमच्छ फस गया.ग्रामीणों से सूझ-बुझ के साथ मगरमच्छ का मुंह रस्सी से बांधकर सुरक्षित रेस्क्यू किया और वन विभाग को सूचना दी. वन विभाग के रेंजर अखिलेश चौरसिया व बीटगार्ड भरत सिंह ने बताया कि ग्रामीणों से जाल डालकर करीब ढाई फुट का मगरमच्छ पकड़ा है,जिसे रेस्क्यू कर सिंगोरगढ़ तालाब में सुरक्षित छोड़ा गया है.
