ड्राईवर की मौत पर बिफरे परिजनों ने अस्पताल तिराहा पर शव रखकर किया चक्काजाम

सीधी। बस कंडक्टर की संदिग्ध परिस्थितियों में आज मौत होने पर आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल तिराहा में शव को रखकर चक्काजाम शुरू कर दिया। आक्रोशित परिजन बस मालिक के विरूद्ध मामला पंजीबद्ध करने की मांग पर अड़े रहे। पुलिस अधिकारियों की समझाइस के बाद करीब एक घंटे में चक्काजाम समाप्त हुआ।

मिली जानकारी के अनुसार सिटी कोतवाली थाना अंतर्गत सोनतीर पटेहरा निवासी भारत कुमार शुक्ला पिता रामपाल शुक्ला उम्र 28 वर्ष सीधी से चितरंगी चलने वाली बस शिवम ट्रेवल्स में कंडक्टर का कार्य करता था। आज दोपहर बस मालिक हनुमान द्विवेदी एवं कंडक्टर भारत शुक्ला के बीच कुछ बातों को लेकर कहासुनी हुई। उसके कुछ समय बाद ही कंडक्टर भारत शुक्ला की तबियत बिगड़ गयी। जिसके बाद बस मालिक द्वारा गंभीर बेहोशी हालत में भारत शुक्ला को जिला अस्पताल पहुंचा कर परिजनों को मोबाइल से कॉल कर सूचना दी गयी। आनन-फानन में जब परिजन जिला अस्पताल पहुंचे तो उनका कहना था कि बिना इलाज के ही भारत शुक्ला बेहोशी हालत में जिला अस्पताल के बरामदे में पड़े थे। इसके बाद उनके द्वारा दौड़ धूप कर डॉक्टर को दिखाया गया, जिसे मृत घोषित कर दिया गया। चक्काजाम कर रहे परिजनों का आरोप था कि बस मालिक अपने कब्जे में ही मृतक की मोबाइल को रखा है। यदि उसके द्वारा तत्परतापूर्वक उपचार कराया जाता तो भारत शुक्ला की जान बच सकती थी।

पुलिस छावनी में तब्दील रहा अस्पताल तिराहा

मृतक के परिजनों द्वारा आम शाम करीब 5:30 बजे शव को अस्पताल तिराहा में रखकर चक्काजाम शुरू कर दिया गया। अस्पताल तिराहे में शव रखकर चक्काजाम शुरू होने की जानकारी मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। डीएसपी मुख्यालय श्रीमती गायत्री तिवारी एवं कोतवाली थाना प्रभारी पुष्पेन्द्र मिश्रा की लगातार समझाइस के बाद करीब एक घंटे में चक्काजाम समाप्त हुआ। इस दौरान अस्पताल तिराहा पुलिस छावनी में तब्दील रहा।

इनका कहना है

मृतक के परिजनों को आश्वस्त किया गया है कि उनके आरोपों एवं मर्ग की जांच होगी। उसमें जो तथ्य सामने आयेंगे उन पर वैधानिक कार्यवाही की जावेगी।

श्रीमती गायत्री तिवारी, डीएसपी मुख्यालय सीधी

Next Post

अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती पर सिंगरौली में होंगे कई कार्यक्रम 

Sun May 18 , 2025
सिंगरौली। भाजपा 31 मई को अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जन्म जयंती मनाने जा रही है। कार्यक्रमों की विशेष श्रृंखला 21 से 31 मई तक आयोजित होंगे। भाजपा जिला कार्यालय में इस संदर्भ में विशेष बैठक का आयोजन हुआ। आयोजित बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में जिले के प्रभारी मंत्री […]

You May Like