सिंगापुर, 15 मई (वार्ता) सिंगापुर के मध्यवर्ती इलाके में बुधवार रात एक आवासीय इमारत में आग लगने के बाद अफरा तफरी मच गयी और सिंगापुर सिविल डिफेंस फोर्स (एससीडीएफत्र के लोगों ने इमारत में फंसे करीब 30 लोगों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला ,जिसमें से दो लोगों को हालत अधिक खराब होने के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सिंगापुर सिविल डिफेंस फोर्स (एससीडीएफ) ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
एससीडीएफ ने फेसबुक पर एक पोस्ट में बताया कि स्थानीय समयानुसार रात करीब 10:50 बजे अग्निशमन कर्मियों को घटना की जानकारी मिली और जब वे मौके पर पहुंचे तो पाया कि 10वीं मंजिल पर स्थित यूनिट के लिविंग रूम में आग लगी हुई है।
बेडरूम में धुंए के बीच फंसे एक व्यक्ति को सांस और जलन की शिकायत होने पर पैरामेडिक ने उसकी जांच की ऐसे ही 14वीं मंजिल पर स्थित यूनिट के एक अन्य निवासी को सांस लेने में तकलीफ हुई। दोनों व्यक्तियों को अस्पताल ले जाया गया।
प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि लिविंग रूम में मौजूद पर्सनल मोबिलिटी डिवाइस की बैटरी से आग लगने की संभावना है।
एससीडीएफ ने लोगों को अपने मोबिलिटी उपकरणों के लिए गैर ओरिजनल बैटरियों को खरीदने या उनका उपयोग करने से बचने की सलाह दी और आग से सुरक्षा के जोखिम का हवाला देते हुए उन्हें लंबे समय तक या रात भर चार्ज करने के खिलाफ चेतावनी दी।

