
इंदौर. किलाभवन स्थित शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बलराम जयंती पर भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया. इसमें भगवान बलराम के व्यक्तित्व, कृषि संस्कृति, श्रम की गरिमा और भारतीय कालगणना पर चर्चा हुई.
प्राचार्य डॉ. बी.डी. श्रीवास्तव ने भारतीय कालबोध में सतयुग, त्रेतायुग, द्वापरयुग और कलियुग के साथ कृष्ण पक्ष, शुक्ल पक्ष, उत्तरायण और दक्षिणायन की अवधारणाओं की जानकारी दी. उन्होंने बलराम को शक्ति, संयम और संतुलन का प्रतीक बताया. प्रशासनिक अधिकारी डॉ. वी.पी. बैरागी ने उनके हल को कृषि और श्रम का प्रतीक बताया. प्रो. सुधीर कुमार छारी ने बलराम से जुड़े पौराणिक और महाभारत के प्रसंगों की जानकारी दी. कार्यक्रम में बलराम के जीवन पर वृत्तचित्र दिखाया गया और छात्रा वैदेही जैन ने भजन प्रस्तुत किया। इस दौरान प्रो. निशा जैन सहित प्राध्यापक और छात्राएं मौजूद रहीं.
