गंजबासौदा। विदिशा जिले के गंजबासौदा में दीपावली से पहले पटाखा बाजार में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। बरेठ रोड स्थित नवीन बस स्टैंड परिसर में गुरुवार शाम करीब 6:30 बजे एक दुकान में अचानक आग लग गई। पटाखों में आग लगते ही तेज धमाके होने लगे और देखते ही देखते आग ने आसपास की छह दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के दौरान बाजार में भगदड़ मच गई। लोग और दुकानदार अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। आग की चपेट में वहां खड़े वाहन भी आ गए।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, इस हादसे में करीब 30 लाख रुपए के पटाखे जलकर राख हो गए। घटना के बाद पटाखा बाजार में सुरक्षा इंतजामों को लेकर नगर पालिका की लापरवाही पर सवाल उठने लगे हैं। दुकानदारों का आरोप है कि बाजार में पर्याप्त पानी और अग्निशमन की व्यवस्था नहीं थी। नगर पालिका के पास फायर ब्रिगेड होने के बावजूद उसे मौके पर तैनात नहीं किया गया था।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। विदिशा कलेक्टर ने भी मौके पर पहुंचकर प्रभावित दुकानदारों से चर्चा की और हादसे की जानकारी ली। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। इस घटना ने त्योहार के दौरान पटाखा बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
