लंदन, 13 मई (वार्ता) ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर की संपत्ति में आग लगाने सहित कई संदिग्ध आगजनी हमलों के मामले में मंगलवार को एक 21 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया।
मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने पुष्टि किया कि संदिग्ध व्यक्ति को जान को खतरे में डालने के इरादे से आगजनी करने के संदेह में हिरासत में लिया गया। जांच जारी रहने तक वह हिरासत में है।
चूंकि मामला एक हाई-प्रोफ़ाइल सार्वजनिक व्यक्ति का है, इसलिए मेट्रोपॉलिटन पुलिस की आतंकवाद-रोधी कमान जांच का नेतृत्व कर रही है।
यह गिरफ़्तारी उत्तरी लंदन में हाल में तीन आग से जुड़ी घटनाओं के बाद की गई है। आपातकालीन सेवाओं ने सोमवार को स्थानीय समयानुसार सुबह 01:35 बजे (0035 जीएमटी) केंटिश टाउन में एक आवासीय संपत्ति के प्रवेश द्वार पर आग लगने की सूचना पर कार्रवाई की। माना जा रहा है कि यह संपत्ति ब्रिटिश प्रधानमंत्री स्टारमर की है जिसे किराए पर दिया गया था। आगजनी में नुकसान हुआ, लेकिन किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
पिछले वर्ष हुए आम चुनाव में लेबर पार्टी की जीत के बाद 10 डाउनिंग स्ट्रीट में स्थानांतरित होने से पहले श्री स्टार्मर इसी मकान में रहते थे।
