जकार्ता, 12 मई (वार्ता) इंडोनेशिया के पश्चिमी जावा प्रांत में सोमवार को इस्तेमाल करने की अवधि समाप्त (एक्सपायर) हो चुके गोला-बारूद को नष्ट किये जाने के दौरान कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई। एक सैन्य अधिकारी ने यह जानकारी दी।
इंडोनेशियाई सेना के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल वाह्यु युधायाना ने बताया कि यह घटना जकार्ता समयानुसार सुबह 09:30 बजे गरुट रीजेंसी के सागरा गांव में हुई। पीड़ितों में चार सैनिक और नौ नागरिक शामिल हैं। उन्होंने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि इंडोनेशियाई सेना के चार कर्मी और समुदाय के नौ सदस्य मारे गए।
उन्होंने कहा कि दो छेदों में विस्फोट सफलतापूर्वक किया गया हालांकि, जब टीम तीसरे छेद में डेटोनेटर तैयार कर रही थी, तो एक अप्रत्याशित विस्फोट हुआ, जिसमें चार सैनिकों और नौ निवासियों की मौत हो गई।
ब्रिगेडियर जनरल युधायान ने बताया कि सेना की टीम ने पहले सभी उपकरणों का निरीक्षण किया था और पुष्टि की थी कि वे सुरक्षित हैं। इसके अलावा, इस क्षेत्र का नियमित रूप से एक्सपायर हो चुके गोला-बारूद के निपटान के लिए इस्तेमाल किया जाता था।
प्रवक्ता ने बताया कि सभी पीड़ितों को पामेउंगपेउक जनरल अस्पताल ले जाया गया। उन्होंने कहा कि घटना के कारणाें का पता लगाने के लिए जांच की जाएगी।

