सतना :मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनी के चलते सतना और मैहर जिले में कुछ स्थानों पर आंधी और बारिश की गतिविधियां देखने को मिलीं. लेकिन वहीं दूसरी ओर शहर में उमस भरी गर्मी ने लोगों को हलाकान किए रखा. शाम के समय तेज हवाएं चलने के बाद मौसम में कुछ राहत मिलती नजर आई. मौसम कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार को शहर में दिन का अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इस लिहाज से देखा जाए तो अधिकतम तापमान में 24 घंटे के भीतर ही 1.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी हो गई.
इसके साथ ही रात का न्यूनतम तापमान भी 27.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. लिहाजा न्यूनतम तापमान में भी पिछले 24 घंटे के भीतर 1.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ेात्तरी देखने को मिली. जिसका सीधा असर रविवार की सुबह से शुरु हुई चिलचिलाती धूप के तौर पर देखने को मिला. हलांकि बीच-बीच में बादलों की आवाजाही बपी रही. लेकिन इसके बावजूद भी धूप के तेवर दिन चढ़ने के साथ ही और भी तीखे होते चले गए. रविवार की दोपहर तक जहां गर्म हवाएं झुलसाती रहीं. वहीं दोपहर बाद हवा में नमी बढ़ने लगी. जिसके चलते उमस भरी गर्मी ने लोगों को हलाकान करना शुरु कर दिया.
वहीं शाम होने पर तेज हवाओं का दौर शुरु हो गया. इन तेज हवाओं के दौरान छुटपुट बंूदाबांदी का एहसास भी हुआ. लेकिन तपती धरती पर गिरी चंद बूंदें भाप बनकर उड़ गईं. मौसमी तेवर का असर यह हुआ कि देर शाम हवाओं में कुछ ठंडक घुलने लगी. जिसके चलते लोगों को उमस भरी गर्मी से फौरी राहत मिली. हलांकि मौसम विभाग द्वारा सोमवार को जिले का मौसम साफ रहने की संभावना जताई गई है. लेकिन एकाएक तापमान बढ़ने से स्थानीय प्रभावों की सक्रियता के चलते कुछ स्थानों पर तेज हवाएं चलने व बूंदाबांदी होने की संभावना बन सकती है.
तेज हवाओं के साथ बारिश
रविवार को शहर में भले ही उमस भरी गर्मी बरकरार रही हो लेकिन जिले के नागौद और बिरसिंहपुर क्षेत्र सहित कुछ अन्य स्थानों पर आंधी चलने और बारिश होने की घटनाएं सामने आईं. नागौद में तेज आंधी और बारिश के चलते बस स्टैण्ड के सामने काली माता मंदिर पर पेड़ गिर गया. गनीमत इस बात की रही कि न तो मंदिर को कोई नुकसान पहुंचा और न ही किसी श्रद्धालु को. वहीं जिले के बिरसिंहपुर और आस पास के क्षेत्र में रिमझिम बारिश के चलते गर्मी से राहत मिली. इसी कड़ी में मैहर में भी तेज हवाओं के साथ बारिश हुई.
