
झाबुआ। रविवार को ग्राम बोचका में बिना दहेज, बिना डीजे, बिना दारू की शादी में सम्मिलित होकर झाबुआ पुलिस अधीक्षक द्वारा दिया गया वर-वधू को आशीर्वाद दिया। जिले में पुलिस अधीक्षक पद्म विलोचन शुक्ल द्वारा सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध एक प्रभावी नवाचार प्रारंभ किया गया है, जिसके अंतर्गत पुलिस अधीक्षक शुक्ल बिना दहेज, बिना डीजे और बिना दारू के होने वाली शादियों मंें स्वयं उपस्थित होकर वर-वधू को आशीर्वाद देते हैं और समाज को एक सकारात्मक संदेश देते हैं। झाबुआ पुलिस द्वारा विगत 10 माह से जिले में विवाह समारोहों में दहेज, डीजे और दारू के उपयोग के विरुद्ध जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। झाबुआ पुलिस की इस अभिनव पहल से प्रेरित होकर गलू डिंडोड़ निवासी बोचका थाना कालीदेवी द्वारा अपनी पुत्री दुर्गा डिंडोड़ का विवाह बिना दहेज दापा, बिना डीजे, बिना दारू के करने का संकल्प लिया जिसमें पुलिस अधीक्षक शुक्ल को आमंत्रित किया। इसी क्रम में 11 मई को पुलिस अधीक्षक शुक्ल द्वारा विवाह समारोह में शामिल होकर वर-वधू को आशीर्वाद दिया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं व वर वधू को प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक द्वारा उपस्थित जनसमुदाय को भी प्रेरित किया कि वे सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने हेतु इस प्रकार के नवाचारों को अपनाएं और विवाह जैसे पवित्र बंधन को सादगी से संपन्न करें। इस दौरान डीएसपी गिरीश कुमार जेजुरकर, उनि. सुनीता चौहान थाना कालीदेवी, रक्षा सखी टीम, अन्य अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित थे।
11 झाबुआ-1- वर वधू को आर्शीवाद देने पहुंचे पुलिस अधीक्षक
