इंदौर:राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में बीती रात डीआरपी लाइन में तैनात एक पुलिसकर्मी ने शराब के नशे में धुत होकर अपनी कार से गश्त कर रहे दो अन्य पुलिसकर्मियों की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में दोनों जवान घायल हो गए हैं. आरोपी पुलिसकर्मी का विवादों से पुराना नाता रहा है.घटना राजेंद्र नगर के आनंद नगर इलाके की है. पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर दो पुलिसकर्मी भूरालाल और प्रमोद अपनी बाइक से रूटीन गश्त पर थे. इसी दौरान डीआरपी लाइन में तैनात पुलिसकर्मी विजय चौहान अपनी कार को तेज रफ्तार और लापरवाही से दौड़ाते हुए वहां पहुंचा.
नशे में होने के कारण विजय वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और उसने सीधे गश्त कर रहे जवानों की बाइक को चपेट में ले लिया.टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों जवान सड़क पर गिर पड़े और उन्हें गंभीर चोटें आईं. घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद अन्य लोगों और पुलिस टीम ने घायल भूरालाल और प्रमोद को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया. गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन जवानों को आई चोटों के कारण उनका इलाज जारी है. सूत्रों के अनुसार, आरोपी विजय चौहान पहले भी कई बार विवादों में घिर चुका है. अनुशासनहीनता और शराब के नशे में हंगामा करने की शिकायतों के कारण वह पहले भी सुर्खियों में रहा है.
