इंदौर: एरोड्रम थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ बीच सड़क पर मारपीट और धमकाने का मामला सामने आया है. आरोपी ने रास्ता रोककर युवती का गला दबाया, मोबाइल छीनने की कोशिश की और विरोध करने पर बाइक सहित धक्का देकर गिरा दिया. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है.एरोड्रम थाना क्षेत्र के 60 फीट रोड पर हुई इस घटना में 21 वर्षीय युवती ने पुलिस को बताया कि वह सुबह अपनी छोटी बहन को एमपी पब्लिक स्कूल छोड़ने पहुंची थी.
बहन को स्कूल के सामने छोड़कर घर लौटते समय अचानक उसका पूर्व परिचित अर्जुन चौहान, निवासी ग्राम चापड़ा जिला देवास, वहां आ पहुंचा. आरोपी ने आते ही युवती को गालियां दीं और जबरन उसकी बाइक पर पीछे बैठ गया. इसके बाद मोबाइल छीनने की कोशिश करते हुए उसने युवती का गला दबा दिया और थप्पड़ मारे. पीड़िता ने उसे बाइक से उतरने को कहा तो आरोपी ने धक्का देकर युवती को बाइक सहित सड़क पर गिरा दिया.
गिरने के बाद भी आरोपी ने युवती को धमकाते हुए कहा कि उसे उससे बात करनी ही होगी, नहीं करने पर वह जान से खत्म कर देगा. घटना के दौरान शोर मचने पर आसपास के लोग जुटने लगे तो आरोपी मौके से फरार हो गया. एरोड्रम थाना प्रभारी वरुण सिंह भाटी ने बताया कि पुलिस ने युवती की रिपोर्ट पर आरोपी अर्जुन चौहान के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौच, जान से मारने की धमकी और शासकीय प्रावधानों के तहत विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज आरोपी की तलाश की जा रही है.
