
मक्सी। बायपास के समीप एक निजी बस एवं डंपर के बीच टक्कर हो गई. टक्कर इतनी खतरनाक थी कि तीन लोगों की मौत हो गई जबकि 18 लोग घायल हो गए. वहीं घटना में बस टकराने के बाद खाई में जा गिरी. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया.
जानकारी के अनुसार बीती रात नेशनल हाईवे क्रमांक 52 पर मक्सी बायपास सिरोलिया क्रॉसिंग पर ब्रिज के टर्निंग पॉइंट पर बस और डंपर की शुक्रवार शनिवार की दरमियानी रात को तकरीबन 2.30 बजे आमने सामने भिड़ंत हो गई. जानकारी अनुसार बस कमला ट्रेवल्स की होना बताई जा रही है. बस इंदौर से सवारी लेकर गुना की ओर जा रही थी वहीं रांग साइड से आ रहे डंपर से बस की जबर्दस्त भिड़ंत हो गई. भिड़ंत इतने भयावह थी कि बस 30 फीट ऊंचाई से नीचे गड्ढे में जा गिरी. सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी टीएस बघेल, मक्सी पुलिस दल एवं एंबुलेंस मौके पर पहुंची, जहां से घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया.
दुर्घटना में इनकी हुई मृत्यु…
जानकारी के अनुसार हादसे में बस यात्री अमन चौरसिया पिता विजय चौरसिया उम्र 24 साल निवासी महू जिला इंदौर, बस क्रमांक यूपी 78 डीएन 1351 का चालक गुलाब सेन पिता प्यारेलाल निवासी गुना, डंपर क्रमांक एमपी 41 एच ए 2625 के साथ भंवर सिंह पिता भेरु सिंह गुर्जर निवासी ग्राम बंजारी तीनों की मृत्यु हो गई.
