बीजिंग, 10 मई (वार्ता) चीन और अमेरिका ने शनिवार को स्विट्ज़रलैंड के जिनेवा में अर्थव्यवस्था और व्यापार पर उच्च स्तरीय वार्ता की।
यह जानकारी सरकारी चाइना सेंट्रल टेलीविजन (सीसीटीवी) ने दी।
चीन के उप प्रधानमंत्री हे लिफेंग और अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट के बीच वार्ता स्थानीय समयानुसार सुबह 10 बजे (08:00 जीएमटी) शुरू हुई।
चीनी वाणिज्य मंत्रालय ने बैठक से पहले कहा कि वह अमेरिका के साथ टैरिफ पर बातचीत के लिए तैयार है, लेकिन वह वैश्विक व्यापार की स्थापित व्यवस्था को कायम रखते हुए अपने हितों की रक्षा दृढ़ता से करेगा।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा चीनी आयात पर कई दौर के टैरिफ लगाए जाने के बाद अमेरिका और चीन के बीच व्यापार युद्ध छिड़ गया, जो फिलहाल 145% है। चीन ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए अमेरिकी वस्तुओं पर 125% टैरिफ लगा दिया।
गुरुवार को ‘न्यूयॉर्क पोस्ट’ने मामले के जानकार सूत्रों के हवाले से कहा था कि ट्रम्प प्रशासन जिनेवा वार्ता के भाग के रूप में अगले सप्ताह की शुरुआत में चीन पर टैरिफ घटाकर 50-54% करने पर विचार कर रहा है।

