कराकास, 02 जुलाई (वार्ता) वेनेजुएला में आये दो शक्तिशाली भूकंपों से मची तबाही में मृतकों की संख्या बढ़कर 2,295 हो गयी है। इस बीच, अंतरिम राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने देश में सात दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है।
भूकंप की त्रासदी को एक सप्ताह पूरा होने पर सुश्री रोड्रिगेज कहा कि मानव जीवन की भारी क्षति से पूरे देश की आत्मा आहत हुई है। हजारों लोग अब भी लापता हैं और प्रभावित क्षेत्रों में भोजन सहित आवश्यक वस्तुओं का गंभीर संकट बना हुआ है।
राजधानी कराकास के उत्तर में स्थित सबसे अधिक प्रभावित शहर ला गुआइरा में ढही अधिकांश इमारतों पर ‘डी’ (डिसीज्ड) का निशान लगाया गया है, जिससे संकेत मिलता है कि वहां तलाश अभियान पूरा हो चुका है और किसी जीवित व्यक्ति के मिलने की संभावना नहीं है। स्पेन के बचाव दल के समन्वयक हावियर रोडेस ने कहा कि जहां किसी के जीवित मिलने की उम्मीद नहीं होती, वहां समय व्यर्थ नहीं किया जाता। उन्होंने बताया कि उनकी टीम और खोजी कुत्ते ‘नाला’ ने मलबे में जीवन के संकेत तलाशने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
इस सब के बीच मंगलवार को एक तीन वर्षीय बालक को भूकंप के छह दिन बाद जीवित निकाला गया, जिसे चमत्कारिक बचाव माना जा रहा है।
विशेषज्ञों का कहना है कि भूकंप के बाद मलबे में फंसे लोगों के 72 घंटे से अधिक जीवित रहने की संभावना बेहद कम होती है। वेनेजुएला की राष्ट्रीय विधानसभा के अध्यक्ष जॉर्ज रोड्रिगेज ने बताया कि अब तक 2,295 लोगों की मौत हो चुकी है, 11 हजार से अधिक लोग घायल हुए हैं और लगभग 13 हजार लोग बेघर हो गये हैं। संयुक्त राष्ट्र का अनुमान है कि करीब 50 हजार लोग अब भी लापता हैं। पिछले सप्ताह 7.2 और 7.5 तीव्रता के दो भूकंपों ने तेल समृद्ध वेनेजुएला के कई इलाकों को तबाह कर दिया। लंबे समय से आर्थिक संकट झेल रहे देश में बुनियादी ढांचे और स्वास्थ्य सेवाओं पर भी इसका गंभीर असर पड़ा है। अमेरिका समर्थित राजनीतिक परिवर्तन के लगभग छह महीने बाद संक्रमण के दौर से गुजर रहे वेनेजुएला में दुनिया के विभिन्न देशों से बचाव दल राहत एवं खोज अभियान में जुटे हैं। वहीं कई स्थानीय लोगों ने आपदा के बाद सरकारी सहायता में देरी को लेकर नाराजगी जतायी है।

