
इंदौर. शहर की सड़कों पर यातायात व्यवस्था बिगाड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ यातायात पुलिस ने कार्रवाई की. प्रमुख मार्गों, व्यस्त बाजारों और अधिक यातायात दबाव वाले क्षेत्रों में पेट्रोलिंग और व्हील लॉक टीमों ने भ्रमण कर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई की. इस दौरान रॉन्ग पार्किंग, वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग, यातायात संकेतों की अनदेखी और वन-वे में प्रवेश करने जैसे मामलों में चालानी कार्रवाई की गई.
यातायात पुलिस ने रॉन्ग पार्किंग के 270, वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग करने के 53 और यातायात संकेतों का उल्लंघन करने के 304 मामलों में कार्रवाई की. इसके अलावा नियमों के विपरीत नंबर प्लेट लगे 122 वाहनों, ब्लैक फिल्म लगे 34 वाहनों और वन-वे का उल्लंघन करने वाले 175 वाहन चालकों पर भी कार्रवाई की गई. मॉडिफाइड साइलेंसर लगे 13 वाहनों को भी कार्रवाई के दायरे में लिया. अन्य नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी कार्रवाई की गई. डीसीपी यातायात राजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए जागरूकता के साथ नियम तोड़ने वालों पर भी कार्रवाई की जा रही है. पेट्रोलिंग और व्हील लॉक टीमों को प्रमुख मार्गों और व्यस्त क्षेत्रों में नियमित भ्रमण के निर्देश दिए हैं, ताकि अव्यवस्थित पार्किंग और यातायात नियमों के उल्लंघन पर अंकुश लगाया जा सके. वाहन चालकों से नियमों का पालन करने की अपील भी की जा रही है.
