रीवा: नगर निगम रीवा द्वारा जल स्रोतों के संरक्षण हेतु 30 मार्च से 30 जून 2025 तक जल गंगा संवर्धन अभियान संचालित किया जा रहा है.इसी क्रम में दिनांक 8 मई को निगम आयुक्त डॉ. सौरभ सोनवणे के निर्देशानुसार वार्ड क्रमांक 45 में बिछिया नदी स्थित कुठुलिया घाट पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया. अभियान के अंतर्गत कुठुलिया घाट की गहराई से सफाई की गई, जमा कचरा एवं जलकुंभी हटाया गया तथा घाट के आसपास के क्षेत्र में समग्र सफाई का कार्य किया गया.
निगम के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ-साथ जनप्रतिनिधि, स्थानीय नागरिकों ने भी इस कार्य में सक्रिय रूप से सहभागिता की.. नागरिकों ने स्वेच्छा से श्रमदान कर स्वच्छता कार्य में योगदान दिया और जल स्रोतों के संरक्षण को लेकर जनजागरूकता का संदेश प्रसारित किया. इस अवसर पर पार्षद गंगा यादव, कार्यपालन यंत्री एच.के. त्रिपाठी, स्वास्थ्य अधिकारी मुरारी कुमार, उपयंत्री मनोज सिंह, वार्ड दरोगा, आईईसी टीम, स्वच्छता से जुड़े एनजीओ एवं अन्य उपस्थित रहे.
