ग्वालियर: ई-रिक्शा चालक और उसके साथियों ने सवारी बिठाने के विवाद में एक युवक की सरेआम पिटाई कर दी। घटना इंदरगंज थाना क्षेत्र के नदी गेट स्थित गुरुद्वारे के पास की है। मारपीट का वीडियो एक राहगीर ने बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया, जिसके बाद मामला सामने आया। पीडि़त युवक शोएब कुरैशी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
शोएब के मुताबिक, वह किसी काम से गुरुद्वारे के पास पहुंचा था। तभी वहां खड़े एक ई-रिक्शा चालक से सवारी को लेकर उसकी कहासुनी हो गई। बात बढऩे पर ई-रिक्शा चालक ने फोन कर अपने छह-सात साथियों को बुला लिया। इसके बाद सभी ने मिलकर शोएब को सडक़ पर पटककर लात-घूंसों से बुरी तरह पीटा और फिर मौके से भाग निकले।
इस मामले में इंदरगंज थाना प्रभारी दीप्ति तोमर ने बताया कि पीडि़त की शिकायत और वायरल वीडियो के आधार पर अज्ञात ई-रिक्शा चालक और उसके साथियों के खिलाफ मारपीट और हमला करने का केस दर्ज किया गया है। वीडियो में दिख रहे रिक्शा के नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।
