
जबलपुर। मुख्य रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म एक पर रांची से चलकर एलटीटी की ओर जाने वाली एक्सप्रेस गाड़ी का अंतिम समय पर प्लेटफार्म में परिवर्तन कर दिया गया।
यह गाड़ी गुरुवार को अपने तय प्लेटफॉर्म क्रमांक एक की बजाय दो पर पहुंची, जिसकी सूचना मिलते ही यात्रियों में भगदड़ का माहौल बन गया था। मुख्य रेलवे स्टेशन पर दोपहर 4 बजे, ट्रेन आने से 10 मिनट पहले प्लेटफार्म परिवर्तन का अनाउंसमेंट किया गया, जिसे सुनकर यात्री अपना बैग और सामान लेकर दौड़ भाग करते नजर आए, इनमें से महिलाओं, बच्चों और बुजुर्ग यात्रियों को सर्वाधिक मुसीबत झेलनी पड़ी।
कटनी इटारसी मेमू के प्लेटफार्म में भी हुआ परिवर्तन
दरअसल, गुरुवार अपरान्ह सवा चार बजे कटनी इटारसी मेमू के प्लेटफार्म नंबर एक पर आने की सूचना थी। इस ट्रेन से जाने वाले यात्री प्लेटफार्म एक पर मौजूद थे। अचानक एनाउंस शुरू हो गया कि यह मेमू ट्रेन प्लेटफॉर्म क्रमांक दो पर आएगी जिसे सुनते ही यात्रियों को होश उड़ गए। जिसके बाद यात्री ट्रेन पर चढ़ने के लिए भागकर प्लेटफॉर्म क्रमांक दो पर पहुंचे।
इनका कहना है
ट्रैक पर चलते मेंटेनेंस के कार्य या अन्य किसी वजह से ट्रेनों का प्लेटफार्म चेंज किया जाता है।
हर्षित श्रीवास्तव, सीपीआरओ, पश्चिम मध्य रेल
