मुंबई, 08 मई (वार्ता) घरों के रंग, सजावट और फिटिंग का निर्माण करने वाली बहुराष्ट्रीय कंपनी एशियन पेंट्स लिमिटेड का 31 मार्च को समाप्त वित्त वर्ष की जनवरी-मार्च तिमाही में सकल शुद्ध मुनाफा इसके पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही के 1275.30 करोड़ रुपये के मुकाबले 45.05 प्रतिशत लुढ़ककर 700.83 करोड़ रुपये पर आ गया।
कंपनी ने गुरुवार को शेयर बाजार को बताया कि 31 मार्च 2025 को समाप्त वित्त वर्ष 2024-25 की चौथी तिमाही में उसे 700.83 करोड़ रुपये का सकल शुद्ध मुनाफा हुआ, जो वित्त वर्ष 2023-24 की जनवरी-मार्च तिमाही के 1275.30 करोड़ रुपये के मुकाबले 45.05 प्रतिशत कम है। इस अवधि में उसकी कुल आय 8917.87 करोड़ रुपये से 5.14 प्रतिशत की गिरावट के साथ 8458.76 करोड़ रुपये रह गई। वहीं, उसका कुल व्यय 7319.10 करोड़ रुपये से 0.6 प्रतिशत कम होकर 7276.60 करोड़ रुपये पर आ गया।
उसने बताया कि वित्त वर्ष 2024-25 में उसे 3709.71 करोड़ रुपये का सकल शुद्ध मुनाफा हुआ, जो वित्त वर्ष 2023-24 के 5557.69 करोड़ रुपये के मुकाबले 33.3 प्रतिशत कम है। आलोच्य अवधि में उसकी कुल आय 36182.69 करोड़ रुपये से 4.7 प्रतिशत घटकर 34478.23 करोड़ रुपये पर आ गई। हालांकि इस अवधि में उसका कुल व्यय 28,967.92 करोड़ रुपये से बढ़कर 29152.77 करोड़ रुपये हो गया।
कंपनी ने 31 मार्च 2025 को समाप्त वित्त वर्ष के लिए अपने शेयरधारकों को आकर्षक रिटर्न देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए एक रुपये अंकित मूल्य के प्रत्येक इक्विटी शेयर पर 20.55 रुपये के अंतिम लाभांश की सिफारिश की है। यह लाभांश प्रस्ताव कंपनी की आगामी 79वीं वार्षिक आम बैठक में शेयरधारकों की मंजूरी के अधीन होगा।
इस सिफारिश के साथ वित्त वर्ष 2024-25 के लिए कुल लाभांश 24.80 रुपये प्रति शेयर हो गया है, जिसमें पहले से भुगतान किया गया 4.25 रुपये का अंतरिम लाभांश शामिल है, जिसे 09 नवंबर 2024 को निदेशक मंडल की बैठक में अनुमोदित किया गया था। मजबूत वित्तीय प्रदर्शन और स्थिर नकदी प्रवाह के आधार पर किया गया यह लाभांश प्रस्ताव कंपनी की शेयरधारक मूल्य सृजन के प्रति दीर्घकालिक प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

