
झाबुआ. पेटलावद विकासखंड स्थित प्रसिद्ध धार्मिक एवं आस्था के केंद्र शृंगेश्वर धाम में शनिवार को घाट निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया के मुख्य आतिथ्य में जल संसाधन विभाग द्वारा 366.69 लाख रुपये की स्वीकृत लागत से बनने वाले घाट निर्माण कार्य का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर शृंगेश्वर धाम के गद्दीपति पूज्य रामेश्वर गिरि जी महाराज भी उपस्थित रहे।
भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने कहा कि शृंगेश्वर धाम जिले का प्रमुख धार्मिक एवं आस्था का केंद्र है। माही एवं मधुकन्या नदियों के पवित्र संगम पर स्थित इस धाम से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आस्था जुड़ी हुई है। आगामी सिंहस्थ-2028 को ध्यान में रखते हुए घाट निर्माण श्रद्धालुओं को बेहतर और सुरक्षित सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे श्रद्धालुओं को स्नान, दर्शन एवं पूजा-अर्चना में सुविधा मिलेगी।
मंत्री ने कहा की घाट निर्माण एवं सौंदर्यीकरण से धाम का धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व बढ़ेगा। साथ ही धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने से स्थानीय व्यापार और रोजगार के अवसरों में भी वृद्धि होगी। प्रदेश सरकार धार्मिक स्थलों के विकास एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
जल संसाधन विभाग द्वारा स्वीकृत योजना के तहत शृंगेश्वर धाम में लगभग 281 मीटर लंबा और 20 मीटर चौड़ा घाट विकसित किया जाएगा। इसमें सीढ़ियों का निर्माण किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को नदी तक पहुंचने और स्नान करने में आसानी होगी। घाट के आसपास उद्यान विकसित करने के साथ सौंदर्यीकरण के कार्य भी किए जाएंगे। इस निर्माण कार्य से धाम परिसर को सुव्यवस्थित एवं आकर्षक स्वरूप मिलेगा। आगामी सिंहस्थ-2028 के मद्देनजर यह परियोजना श्रद्धालुओं की सुविधाएं बढ़ाने और क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कार्यक्रम में जनपद उपाध्यक्ष श्रीमती दुर्गा पड़ियार, अजमेर सिंह, जितेन्द्र सिंह राठौड़, सरपंच वर्दीचंद वसुनिया, जनपद सदस्य राकेश गुड़ियां सहित जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। वहीं एसडीएम श्रीमती रितिका पाटीदार, एसडीओपी सुश्री अनुरक्ति सबनानी, जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री विपिन पाटीदार तथा संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद रहे।
