जयपुर 07 मई (वार्ता) जम्मू कश्मीर के पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान में आतंकवादी ठिकानों पर आपरेशन सिंदूर चलाकर उन्हें ध्वस्त करने पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी एवं मंत्रियों ने ‘भारत माता की जय’ कहकर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है वहीं विपक्ष कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा एवं पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस कार्रवाई का स्वागत किया है।
इस कार्रवाई के बाद श्री शर्मा ने सोशल मीडिया पर ” भारत माता की जय” आपरेशन सिंदूर लिखकर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की। इसी तरह श्री देवनानी, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी एवं डा प्रेमचंद बैरवा एवं अन्य कई मंत्रियों ने सोशल मीडिया पर भारत माता की जय लिखकर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की।
श्री डोटासरा ने अपने बयान में कहा कि सेना ने रात में पाकिस्तान में आतंकवादी ठिकानों पर जो आपरेशन सिंदूर चलाया है उसके लिए पूरा देश गर्व कर रहा है । उन्होंने कहा कि पाकिस्तान और आतंकवाद हमारे देश के लिए एक नासूर बना हुआ था और पहलगाम हमले के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सेना को खुली छूट दी थी और अब आतंकवाद को समाप्त करने के लिए जो कार्रवाई की गई है उसके लिए सेना पर नाज है । उन्होंने कहा कि यह आतंकवाद पूरी तरह समाप्त होना चाहिए।
इसी तरह श्री गहलोत ने कहा कि भारतीय सेना के “ऑपरेशन सिंदूर” ने पाकिस्तानी आतंकवादी ठिकानों को ध्वस्त कर आतंकवाद पर कड़ा प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी और पूरा भारत इस कार्रवाई का स्वागत करता है और पूरी मजबूती से भारतीय सेना और भारत सरकार के साथ हम मजबूती से खड़े हैं।
