
सीहोर। मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूल परीक्षा के परिणाम मंगलवार को घोषित हो गए. हाई स्कूल परीक्षा में सीहोर जिला 85.54 प्रतिशत के साथ प्रदेश में सातवें स्थान पर रहा. पिछले साल भी जिला सातवें स्थान पर ही रहा था, जबकि हायर सेकेंडरी में 82.92 प्रतिशत के साथ जिला बारहवें स्थान पर खिसक गया है. पिछले साल जिला सातवें स्थान पर था. शहर के मोनालिसा हायर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थी पार्थ राठौर ने जीव विज्ञान समूह में प्रदेश की मेरिट सूची में दूसरा स्थान हासिल किया है. हाई स्कूल तथा हायर सेकेण्डरी परीक्षा में प्रदेश की टॉप टेन सूची में जिले के तीन-तीन छात्रों ने जगह बनाई है.
मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा आयोजित हाईस्कूल, हायर सेकेण्डरी स्कूल मुख्य परीक्षा 2025 के परीक्षा परिणाम मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घोषित किए. हाई स्कूल परीक्षा में जिले के 22,306 परीक्षार्थी शामिल हुए और हायर सेकेण्डरी परीक्षा में जिले के 18,285 परीक्षार्थी शामिल हुए. हाई स्कूल परीक्षा में जिला 85.54 प्रतिशत के साथ पिछले साल की तरह प्रदेश में सातवें स्थान पर रहा. हायर सेकेंडरी के परिणाम में जिला गत वर्ष की तुलना में पांच पायदान नीचे खिसककर 12 वें स्थान पर पहुंचा, हालांकि प्रतिशत में सुधार हुआ है. पिछले साल 72. 70 प्रतिशत के साथ जिला सातवें स्थान पर था. इस साल 82.92 प्रतिशत के बावजूद जिला बारहवें स्थान पर पहुंच गया है.
हाईस्कूल की प्रदेश मेरिट लिस्ट में जिले के तीन छात्र
हाई स्कूल परीक्षा में प्रदेश की मेरिट लिस्ट में जिले के तीन छात्र-छात्राओं ने स्थान प्राप्त किया है. दीनदयाल कॉन्वेंट हाई स्कूल सीहोर के छात्र ऋषभ पंवार तथा होली एंजल्स हाई स्कूल आष्टा के छात्रा भूमिका मेवाड़ा ने प्रदेश में सातवां स्थान प्राप्त किया है. वहीं होली एंजल्स हाई स्कूल आष्टा के ही छात्र अरहम जैन ने प्रदेश में नौंवा स्थान प्राप्त किया है.
हायर सेकेंडरी में प्रदेश की टॉप टेन में तीन छात्र
हायर सेकेण्डरी परीक्षा जीव विज्ञान समूह में जिले के तीन छात्रों ने प्रदेश की प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त किया है. सीहोर के न्यू मोनालिसा स्कूल के छात्र पार्थ राठौर ने प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया. पार्थ के पिता रीतेश राठौर शिक्षक हैं तथा माता श्रीमती कल्पना राठौर ग्रहणी हैं. इसी तरह सीएम राईज स्कूल आष्टा के छात्र गोविंद ने प्रदेश की मेरिट लिस्ट में आठवां स्थान तथा सीएम राईज स्कूल आष्टा के ही छात्र नकुल प्रजापति ने भी जीव विज्ञान समूह में दसवां स्थान प्राप्त किया है.
न्यू मोनालिसा के पार्थ का सराहनीय प्रदर्शन
सीहोर. शहर के प्रतिष्ठित न्यू मोनालिसा हायर सेकेण्डरी स्कूल के प्रतिभाशाली छात्र पार्थ राठौर ने कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा में 97 प्रतिशत अंक के साथ प्रदेश की प्राविण्य सूची में दूसरा स्थान हासिल कर स्कूल, जिले एवं प्रदेश का नाम रोशन किया है. न्यू मोनालिसा हायर सेकेण्डरी स्कूल के संचालक शरद हुण्डैत ने बताया कि इस साल वार्षिक परीक्षा परिणाम में स्कूल के विद्यार्थियों ने सराहनीय प्रदर्शन किया है. उन्होंने बताया कि कक्षा 12 वीं के 68 विद्यार्थियों में से 58 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी हासिल की. इसी तरह कक्षा 10 वीं के 44 विद्यार्थियों में से 38 विद्यार्थी प्रथम श्रेणी के साथ उत्तीर्ण हुए हैं. उत्तीर्ण विद्यार्थियों को स्कूल संचालक शरद हुण्डैत सहित प्राचार्य एवं स्कूल परिवार ने बधाई दी है.
नूतन स्कूल के विद्यार्थियों ने रचा इतिहास
10 वीं एवं 12 वी बोर्ड परीक्षा के परिणामों में नूतन हायर सेकेन्ड्री स्कूल के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया है. कक्षा 12 वी के छात्र हितीश दुबे ने 474/500 अंक प्राप्त कर जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया. साथ ही कक्षा 10 वीं की छात्रा अविनी वर्मा ने 487/500 अंक प्राप्त किए. कक्षा 10 वीं के सर्वश्रेष्ठ अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में अविनी वर्मा, रेणुका राठौर, सिद्धिका कुशवाह, आयुषी भारती, प्रियांशी त्यागी, ख़ुशी त्यागी, पलक परमार, प्रितांशी दुबे, अभिषेक मेवाड़ा, गोविंद मेवाड़ा तथा कक्षा 12 वीं में उच्च अंक प्राप्त करने वालों विद्यार्थियों में हितीश दुबे, अक्षत कौशल, रिमी राठौर, मुदित कुशवाह, अमन मेवाड़ा, इशान अन्वेकर, इशिका वर्मा, अवनी काबरा, विवेक विश्वकर्मा, संध्या मेवाड़ा आदि शामिल हैं. इनकी इस उपलब्धि पर विद्यालय संचालक सुरेश त्यागी ने विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा, यह विद्यालय के शिक्षकों की मेहनत और विद्यार्थियों की लगन का परिणाम है.
