
सतना। माध्यमिक शिक्षा मण्डल म.प्र. द्वारा मंगलवार को हाईस्कूल और हायर सेकेण्डरी परीक्षा वर्ष 2025 के परीक्षा परिणाम घोषित कर दिये गये हैं। घोषित परिणामों के अनुसार हाईस्कूल की परीक्षा में सतना जिले के 2 छात्र और हायर सेकेण्डरी परीक्षा में 4 छात्र-छात्राओं ने अपना स्थान प्रदेश की मेरिट सूची में बनाया है। इसी प्रकार मैहर जिले में हाईस्कूल परीक्षा में 1 छात्र और हायर सेकेण्डरी स्कूल परीक्षा में 3 छात्राओं ने प्रदेश स्तरीय प्रवीण्य सूची में नाम दर्ज कराया है।
जिला शिक्षा अधिकारी टीपी सिंह ने बताया कि हाईस्कूल में सतना जिले के बिरसिंहपुर के सन राईस पब्लिक स्कूल पगार कला रोड के छात्र शिवांश पाण्डेय ने 497 अंक अर्जित कर चौथा स्थान प्राप्त किया है। इसी प्रकार सरस्वती शिशु मंदिर हाईस्कूल माधवगढ की छात्रा कुमारी वंशिका सिंह ने 491 अंक अर्जित कर दसवां स्थान बनाया है। हायर सेकेण्डरी की प्रदेश की मेरिट सूची में विज्ञान, गणित समूह में शासकीय उत्कृष्ट उ.मा.वि. व्यंकट क्रमांक एक सतना के छात्र हर्ष पाण्डेय ने 490 अंक हासिल कर मेरिट में दूसरा स्थान बनाया है। इसी प्रकार जीव विज्ञान समूह में शासकीय उत्कृष्ट उ.मा.वि. व्यंकट क्रमांक एक सतना की छात्रा कुमारी दीपिका सिंह ने 483 अंक अर्जित कर दूसरा स्थान, शासकीय उ.मा.वि. श्यामनगर के छात्र दुर्गेश प्रताप कुशवाहा ने 477 अंक अर्जित कर सातवां और गार्जियन गाइड पब्लिक उ.मा.वि. बैंक कॉलोनी सतना की छात्रा कुमारी ईशिका श्रीवास्तव ने 475 अंक अर्जित कर नौवां स्थान प्राप्त किया है।
इसी प्रकार मैहर जिले में हाईस्कूल सर्टीफिकेट परीक्षा 2025 में प्रदेश में प्रथम दस स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं की अस्थाई प्रवीण्य सूची में सरस्वती शिशु मंदिर हाईस्कूल रामनगर के छात्र अमित कुमार पटेल ने 492 अंक अर्जित कर प्रवीण्य सूची में नौवां स्थान हासिल किया है। इसी प्रकार हायर सेकेण्डरी स्कूल परीक्षा वर्ष 2025 की प्रदेश की मेरिट सूची में शामिल छात्रों में विज्ञान, गणित समूह में मैहर जिले के शासकीय कन्या उ.मा.वि. अमरपाटन की छात्रा कुमारी प्रियल द्विवेदी ने 492 अंक हासिल कर प्रदेश स्तर की मेरिट में पहला स्थान हासिल किया है। इसी प्रकार सरस्वती शिशु मंदिर उ.मा.वि. रामनगर की छात्रा कुमारी आकांक्षा शुक्ला ने 482 अंक हासिल कर छटवां स्थान प्राप्त किया है। जीव विज्ञान समूह में अतुल सिंह परिहार स्मृति विद्या निकेतन रामनगर मैहर की छात्रा कुमारी अनामिका वैश्य ने 474 अंक अर्जित कर मेरिट सूची में दसवां स्थान प्राप्त किया है।
जिला शिक्षा अधिकारी सतना ने बताया कि हाईस्कूल और हायर सेकेण्डरी परीक्षा परिणामों के विगत वर्ष से तुलनात्मक विशलेषण के अनुसार हाईस्कूल परीक्षा परिणाम में 9.79 प्रतिशत और हायर सेकेण्डरी परीक्षा परिणामों में 8.86 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। हाईस्कूल परीक्षा में सतना जिले के 24 हजार 878 छात्र शामिल हुए। हाईस्कूल परीक्षा वर्ष 2024 में रिजल्ट 55.06 प्रतिशत और वर्ष 2025 में 64.85 प्रतिशत रहा। हायर सेकेण्डरी परीक्षा में सतना जिले में 18 हजार 227 छात्र-छात्रायें शामिल हुए। जिनका रिजल्ट वर्ष 2025 में 72.34 प्रतिशत रहा। जबकि वर्ष 2024 में रिजल्ट का प्रतिशत 63.48 था।
