चेन्नई 05 मई (वार्ता) चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने चोटिल वंश बेदी की जगह गुजरात के विकेटकीपर बल्लेबाज उर्विल पटेल को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2025 के लिए अपनी टीम में जगह दी है।
सीएसके ने उर्विल को 30 लाख रूपये के बेस प्राइस में टीम में शामिल किया है।
बेदी को सीएसके ने 55 लाख रूपये में खरीदा था, लेकिन उन्हें एक भी मैच में अवसर नहीं मिला और वह अब बाएं टखने में चोट के कारण आईपीएल से बाहर हो गए हैं। उर्विल इससे पहले 2023 में गुजरात टाइटंस टीम का भी हिस्सा थे।
कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ के बाहर होने के बाद सीएसके ने मिड ट्रायल के लिए आयुष म्हात्रे के साथ उर्विल को भी बुलाया था। बाद में म्हात्रे को टीम में जगह मिली।
उर्विल ने 2024-25 के सैयद मुश्ताक़ अली ट्रॉफी की छह पारियों में 230 के स्ट्राइक रेट और लगभग 79 की औसत से कुल 315 रन बनाए थे, जिसमें 20 छक्के शामिल थे, जो कि इस प्रतियोगिता में सर्वाधिक था।
सीएसके आईपीएल 2025 प्लेऑफ से बाहर होने वाली पहली टीम है और अब शेष तीन मैचों में उर्विल को खेलने का अवसर मिल सकता है।
