
जबलपुर। मौसम के बदले मिजाज से शनिवार को बारिश और ओले गिरने के बाद रविवार को सुबह से सूर्यदेव तमतमाये रहे। दिनभर सूरज के तेवर उग्र रहे। बिना कूलर, पंखे, एसी के रहना मुश्किल रहा। हालांकि एक बार फिर मौसम की रंगत बदलने की संभावना है जिसको लेकर मौसम विभाग ने 50 से 60 किमी की रफ्तार से आंधी चलने बारिश और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग की माने तो एक पश्चिमी विक्षोभ मध्य पाकिस्तान से सटे पंजाब और उत्तर-पश्चिमी राजस्थान में एक चक्रवाती परिसंचरण के रूप में माध्य समुद्र तल से 3.1 और 9.4 किमी की ऊंचाई पर अवस्थित है। एक चक्रवातीय परिसंचरण दक्षिणी उत्तर प्रदेश और उसके निकटवर्ती क्षेत्रों में माध्य मुद्र तल से 1.5 किमी की ऊंचाई पर सक्रिय है। इसके साथ ही अन्य मौसम प्रणालियां भी सक्रिय है।
ऐसा रहा तापमान
रविवार को अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से तीन डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 21.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से चार डिग्री कम रहा। सुबह के वक्त आद्रता 57 और शाम को 25 प्रतिशत दर्ज की गई। उत्तर-पश्चिमी हवाएं 6 किमी की रफ्तार से चली।
