वित्तीय अनियमितता को रोकने में सेबी की मदद के लिए शोध पत्र तैयार करेगा: आईसीएआई

नयी दिल्ली,03 मई (वार्ता) चार्टर्ड अकाउंटेंट की शीर्ष इकाई भारतीय सनदी लेखाकार संस्थान (आईसीएआई) के अध्यक्ष चरणजोत सिंह नंदा ने शनिवार को कहा कि आईसीएआई वित्तीय धोखाधड़ी से निपटने में बाजार नियामक सेबी की मदद के लिए एक शोध पत्र तैयार करेगा।

श्री नंदा ने आज यहां संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आईसीएआई ने वित्तीय धोखाधड़ी के बढ़ते मामलों को देखते हुए एक अहम निर्णय लिया है। आईसीएआई एक विशेष कार्य समूह (वर्किंग ग्रुप) बनाएगा, जो इन धोखाधड़ी मामलों से निपटने की रणनीति तैयार करेगा। यह समूह धोखाधड़ी को रोकने को लेकर भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) के साथ चर्चा करेगा। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर उनकी हाल ही में सेबी के तुहिन कांत पांडे के साथ बैठक हुयी है।

उन्होंने बताया कि हाल के वर्षों में भारतीय शेयर बाजारों में खुदरा निवेशकों की भागीदारी काफी बढ़ी है, लेकिन इसके साथ ही वित्तीय हेराफेरी, शेयरों की कीमतों में हेरफेर जैसे मामलों में भी इजाफा भी हुआ है। ऐसे में जरूरी हो गया है कि आम निवेशकों की सुरक्षा और जागरूकता के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। उन्होंने बताया कि आईसीएआई और सेबी मिलकर इस दिशा में काम करेंगे, ताकि निवेशकों का भरोसा बाजार में बना रहे और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को समय रहते रोका जा सके।

गौरतलब है कि आईसीएआई देश की अकाउंटेंट प्रमुख संस्थान है, जिसके 4.35 लाख से अधिक सदस्य और 10 लाख से ज्यादा विद्यार्थी हैं। संस्था का मानना है कि अगर लेखाकारों और वित्तीय सलाहकारों को सही प्रशिक्षण और दिशानिर्देश मिलें, तो बड़ी से बड़ी धोखाधड़ी को भी रोका जा सकता है।

 

Next Post

सोना, चांदी में घट-बढ़

Sat May 3 , 2025
इंदौर, 03 मई (वार्ता) स्थानीय सर्राफा बाजार में सोना तथा चांदी में घट बढ़ हुई। चांदी सिक्का स्थिर रहा। विदेशी बाजार में सोना 3241 डालर व चांदी 3201 सेंट प्रति औंस बिकी। उल्लेखनीय है कि सोना- चांदी के भाव में देर रात तक फेरबदल होता रहता है। सोना 96050 रुपये […]

You May Like