
मैड्रिड, 02 मई (वार्ता) अमेरिका की स्टार टेनिस खिलाड़ी कोको गॉफ और बेलारुस की आर्यना सबालेंका के बीच मैड्रिड ओपन के फाइनल में खिताबी भिड़ंत होगी।
अमेरिका की स्टार टेनिस खिलाड़ी कोको गॉफ ने गुरुवार को खेले गये सेमीफाइनल में चार बार की फ्रेंच ओपन चैंपियन पोलैंड की इगा स्वियाटेक को हराकर मैड्रिड ओपन के फाइनल में जगह बनाई।
21 वर्षीय गॉफ ने एक घंटे चार मिनट तक चले मुकाबले में स्वियाटेक को 6-1, 6-1 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। यह पहली बार है जब गॉफ ने क्ले कोर्ट पर स्वियाटेक को हराया है।
एक अन्य मैच में बेलारूस की आर्यना सबालेंका ने सेमीफाइनल में यूक्रेन की एलिना स्वितोलिना को 6-3, 7-5 से हराकर महिला एकल वर्ग के फाइनल में जगह बनाई। इसी के साथ अब कोको गॉफ फाइनल में दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी आर्यना सबालेंका से भिड़ेंगी।
