भोपाल, 02 मई (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज अद्वैत सिद्धांत के प्रवर्तक आदिगुरु शंकराचार्य की जयंती पर उन्हें नमन किया।
डॉ यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ‘अद्वैत वेदांत दर्शन के प्रवर्तक, सनातन धर्म के पुनरूद्धारक आद्य जगत् गुरु शंकराचार्य जी की जयंती पर शत्-शत् नमन करता हूँ। शंकराचार्य जी ने अपने अद्भुत ज्ञान से सनातन धर्म के अस्तित्व एवं प्रतिष्ठा को अनंतकाल तक बनाए रखने तथा समाज को अद्वैत वेदांत का दर्शन प्रदान कर भारत को एकता के सूत्र में पिरोने का जो मार्ग प्रशस्त किया, वह हमें अपनी गौरवमयी संस्कृति को सहजने के लिए प्रेरित करता रहेगा।’
डॉ यादव आज शंकराचार्य की जयंती पर खंडवा जिले के ओंकारेश्वर में निर्मित एकात्मधाम में आयोजित विशेष समारोह में भाग लेंगे।
इस दौरान सुबह डॉ यादव ने ओंकारेश्वर प्रवास के दौरान जूना पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरी महाराज से भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
