इंदौर: जिला अस्पताल से सिरपुर के बीच बनने वाले फ्लायओवर के लिए आज नगर निगम ने मिट्टी परीक्षण का काम शुरू कर दिया. निगम बजट में उक्त ब्रिज के लिए 50 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है. धार रोड पर उक्त ब्रिज 5 से 6 सौ मीटर लंबा बनाया जाएगा.नगर निगम ब्रिज सेल ने आज सुबह से धार रोड पर प्रस्तावित फ्लाई ओवर ब्रिज के लिए मिट्टी परीक्षण प्रयोगशाला द्वारा 10 स्थानों पर गड्ढे कर मिट्टी के नमूने लिए.
निगम तकनीकी कर्मचारी पतिराज रजक ने अपने साथी कर्मचारियों के साथ नमूने लेने का काम किया है. मिट्टी के नमूनों की जांच रिपोर्ट आते ही ब्रिज का काम शुरू हो जाएगा. गौरतलब है कि पिछले हफ्ते महापौर पुष्यमित्र भार्गव, निगम आयुक्त शिवम वर्मा, निगम के जनप्रतिनिधि राजेन्द्र राठौर, भारत रघुवंशी, महेश चौधरी, इन्दौर विकास प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ जिला अस्पताल से सिरपुर तक दौरा किया था. उक्त फ्लायओवर के लिए नगर निगम ने बजट में पचास करोड़ से अधिक की राशि का प्रावधान किया है.
यातायात होगा सुगम
आज चंदन नगर आमवाला रोड से सिरपुर तक मिट्टी की जांच के नमूने एकत्रित किए गए. फ्लायओवर का बनने तक क्षेत्र के रहवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा, लेकिन भविष्य में बड़ी सुविधा भी मिलेगी. साथ ही यातायात भी सुगम हो जाएगा
