
ग्वालियर। म.प्र.अनुसूचित जाति-जनजाति अधिकारी कर्मचारी संघ (अजाक्स) के प्रांताध्यक्ष चौ.मुकेश मौर्य का कहना है कि प्राय: देखने में आ रहा है कि अधिकांश विभागों में महत्वपूर्ण पदों पर विभागीय अधिकारियों से साँठ-गाँठ कर कुछ ही अधिकारी और कर्मचारी कई-कई वर्षों से महत्वपूर्ण पदों पर जमे हुए हैं जो स्पष्ट रूप से म.प्र.शासन सामान्य प्रशासन विभाग के आदेशों का खुला उल्लंघन है।
अजाक्स म.प्र. ने मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव से अनुरोध किया है कि विभागों में कार्यरत अन्य सभी योग्य अधिकारी एवं कर्मचारियों की वरिष्ठता को ध्यान में रखते हुए अनिवार्य रूप से विभागीय रोटेशन प्रणाली लागू की जाए जिससे अन्य महत्वपूर्ण सीटों के कार्यो का अनुभव सभी कर्मचारियों को प्राप्त हो सके।ठीक उसी प्रकार कई वर्षो से एक ही जिले में पदस्थ विवादास्पद अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी प्रत्येक 03 वर्ष में बैंकों की तर्ज पर अनिवार्य रूप से स्थानांतरण किया जाए।
म.प्र.अजाक्स ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर अनुरोध किया है कि सामान्य प्रशासन विभाग के आदेशों के तहत प्रत्येक 03 वर्ष में विभागों में अनिवार्य रूप से रोटेशन तथा जिलों में लंबे समय से जमे विवादास्पद अधिकारियों एवम कर्मचारियों का स्थानांतरण सुनिश्चित किया जाए जिससे प्रदेश के जिलों में कार्यरत अधिकारी-कर्मचारियों में एक दूसरे से पदीय कटुता कम हो तथा विवादास्पद अधिकारी एवं कर्मचारी किसी भी सूरत मे देश की एकता और अखंडता को क्षति न पहुंचा सके।
