इंदौर: विजयनगर इलाके में एक कार चालक ने स्कूटी को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे स्कूटी सवार दो बहनें सड़क पर गिर गईं। हादसे में बड़ी बहन की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि छोटी बहन गंभीर रूप से घायल है। 21 वर्षीय मृतका चंचल मंडवाल निवासी अमृत पैलेस, निपानिया, अपनी बहन परिधी मंडवाल के साथ स्कूटी से जा रही थी।
इंफिनिटी होटल के सामने स्कीम नंबर 74 के पास, कार नम्बर एमपी 09 जेडएन 8637 ने तेज रफ्तार व लापरवाही से स्कूटी को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में चंचल को सिर, छाती, चेहरे व पेट में गंभीर चोटें आईं, जबकि परिधी के चेहरे, हाथ और पैरों पर चोट लगी। घायल परिधी ने पिता नवीन मंडवाल को फोन किया। परिजन दोनों को कार चालक के साथ तुरंत बॉम्बे अस्पताल लेकर पहुंचे। इलाज के दौरान चंचल की मौत हो गई। विजयनगर पुलिस ने कार चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर मामले में जांच कर रही है।
