नयी दिल्ली 30 अप्रैल (वार्ता) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने जाति जनगणना कराने के सरकार के फैसले को सही ठहराते हुए बुधवार को कहा कि कांग्रेस शुरु से यही मांग कर रही है और सरकार ने इसे पूरा कर अच्छा कदम उठाया है।
श्री खरगे ने कहा ”कांग्रेस ने लगातार जातिगत जनगणना की माँग उठाई थी जिसके सबसे मुखर पक्षधर पार्टी नेता राहुल गांधी रहे। आज मोदी सरकार ने जनगणना के साथ जातिगत जनगणना कराने की घोषणा की है। ये सही कदम है जिसकी हम पहले दिन से माँग कर रहे थे।”
उन्होंने कहा ”मैंने कई बार इसे संसद में उठाया और प्रधानमंत्री जी को पत्र भी लिखा। इंडिया गठबंधन के नेताओं ने भी कई बार जातिगत जनगणना की माँग की है और लोकसभा चुनाव में ये अहम मुद्दा बना। बार-बार प्रधानमंत्री मोदी जी सामाजिक न्याय की इस नीति को लागू करने से बचते रहे और विपक्ष पर समाज को बांटने का झूठा आरोप लगाते रहे। जातिगत जनगणना के अभाव में सार्थक सामाजिक न्याय और सशक्तिकरण कार्यक्रमों का क्रियान्वयन अधूरा है, इसीलिए ये सभी वर्गों के लिए ज़रूरी है।”
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा ”जनगणना के लिए इस साल के बजट में भी केवल 575 करोड़ रुपये का आवंटन है, इसलिए ये सवाल मुनासिब है कि सरकार इसको कैसे और कब पूरा करेगी। कांग्रेस पार्टी ये माँग करती है कि मोदी सरकार जल्द से जल्द बजट का प्रावधान कर जनगणना और जातिगत जनगणना का काम पूरी पारदर्शिता के साथ चालू करे।जातिगत जनगणना ज़रूरी है, हिस्सेदारी न्याय के बिना सबकी प्रगति अधूरी है।”
