
सीधी। शहर के समीपी सोनांखाड़ गांव से लगे जंगल में गोली चलने से एक युवक घायल हो गया। घायल के हांथ के पंजे को पार कर गोली निकल गई। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कोतवाली पुलिस ने मामला पंजीबद्ध कर एक आरोपी को रीवा से गिरफ्तार कर लिया है जबकि दूसरा आरोपी फरार है।
मिली जानकारी के अनुसार रविवार को सोनांखाड़ निवासी आकाश जायसवाल को सिगरेट पीने के विवाद में उसके दो दोस्तों ने गोली मार दी। घटना के बाद दोनों दोस्त मौके से फरार हो गए। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए एक आरोपी को रीवा से गिरफ्तार कर लिया है। घायल आकाश ने पुलिस को बताया कि रीवा से आए उसके दोस्त अभिषेक मिश्रा और यश पाण्डेय ने यह वारदात की।आकाश ने बताया कि जब उसके दोस्त आए तो वह घर पर नहीं था । उन्होंने उसकी मौसी से उसे बुलवाया।आकाश के आने के बाद तीनों समीपी जंगल में सिगरेट पीने गए। वहीं एक दोस्त ने अचानक गोली चला दी। गोली आकाश के हाथ को छेदकर निकल गई। घायल आकाश को तुरंत जिला अस्पताल सीधी में भर्ती कराया गया। उधर जिला अस्पताल के डॉ. आशीष भारती ने बताया है कि गोली हाथ को छेदकर निकल गई है। हड्डी में हुई क्षति का पता जांच के बाद ही चल पाएगा। कोतवाली थाना प्रभारी पुष्पेंद्र मिश्रा ने बताया कि तीनों युवक दोस्त हैं। आकाश ने अपने बयान में कहा है कि उनके बीच कोई दुश्मनी नहीं थी। जांच में पता चला है कि आकाश ने ही दोनों दोस्तों को बुलाया था।पुलिस ने आकाश की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। एक आरोपी यश पाण्डेय को रीवा से गिरफ्तार कर लिया है। वहीं दूसरे आरोपी की भी तलाश जारी है।पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
