
ग्वालियर। पुलिस ने हनीट्रैप गिरोह के 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, इनमें गिरोह का सरगना उपेन्द्र उर्फ गोपाल तोमर और महिला आरोपी शालू जाटव शामिल है। दोनों पर ढाई-ढाई हजार रूपये का इनाम घोषित किया है। आरोपियों ने भितरवार के एक किसान को अपना शिकार बनाया था। शालू ने किसान को डबरा के एक होटल के पास बुलाया था। वहां एक कमरे में ले जाकर साथियों ने किसान की पिटाई की और उसे निर्वस्त्र कर अश्लील वीडियो बना लिया। 6 लाख रूपये मांगे तो पीडि़त से 20 हजार रूपये ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिये।
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने हनी ट्रैप और लूट का केस दर्ज किया था। इस मामले में पुलिस पहले ही धर्मेंद्र, मोनू राणा और एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पुलिस को सूचना मिली थी कि गैंग का सरगना और महिला आरोपी पिछोर पुलिया के पास देखे गए हैं। पुलिस ने दबिश देकर दोनों को पकड़ लिया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। एएसपी ग्वालियर देहात निरजंन शर्मा का कहना है कि हनी ट्रैप में फंसाकर किसान के अश्लील वीडियो बनाकर रुपए छीनने और ब्लैकमेल करने वाली एक महिला सहित दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में महिला ब्लैकमेलर व इस रैकेट का सरगना भी है।वहीं पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर रही है, जबकि इस मामले में तीन आरोपियों को पुलिस पूर्व में जेल भेज चुकी है।
