ग्वालियर: पुरानी छावनी नंगा नाला पर बाइक सवार दो दोस्तों को एक तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों दोस्त सड़क से नीचे गड्ढे में जा गिरे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को एम्बुलेंस की मदद से हॉस्पिटल पहुंचाया।, जहां एक की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल होने पर भर्ती है।दोनों दोस्त एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होने के लिए बाइक से मुरैना गए थे और लौटते समय यह हादसा हुआ है। पुलिस ने शव को निगरानी में लिया है। साथ ही मामला दर्ज कर टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश तेज कर दी है।
उपनगर मुरार सिरोल रोड निवासी संतोष कुमार मंडेलिया का 19 वर्षीय बेटा प्रिंस जाटव अपने दोस्त रोहित जाटव के साथ मुरैना में रोहित के जीजा के भाई की शादी में शामिल होने के लिए गया था। दोनों अपनी बाइक पर सवार होकर शाम को मुरैना के लिए रवाना हुए थे। रात में वह वापस घर लौट रहे थे। दोनों अभी पुरानी छावनी में नंगा नाला के पास पहुंचे थे कि तभी पीछे से तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
अचानक टक्कर लगने से बाइक सहित दोनों दोस्त सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरे, जिससे दोनों के सिर, सीने व पेट में गंभीर चोट लगी थी। हादसे की सूचना मिलते ही पुरानी छावनी थाना पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और एम्बुलेंस की मदद से दोनों को जेएएच पहुंचाया गया, जहां घायल प्रिंस जाटव को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि रोहित का इलाज चल रहा है।घटना किस तरह हुई और बाइक को टक्कर मारने वाला वाहन कौन सा था। इसका पता लगाने के लिए पुलिस आसपास के कैमरे खंगाल रही है। फिलहाल पुलिस को कोई सफलता नहीं मिली है। घटना स्थल पर कोई कैमरा नहीं है, लेकिन आगे पीछे ढाबा व होटल के बाहर कैमरे लगे हैं। जहां पुलिस छानबीन कर रही है।
पुलिस का कहना
पुरानी छावनी थाना पुलिस का कहना है कि बाइक सवार दो युवकों को किसी तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मारी है, जिसमें एक युवक की मौत हो गई है। मामले की जांच की जा रही है।
