नयी दिल्ली 21 अप्रैल (वार्ता) दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा है कि राष्ट्रीय राजधानी को जल्द ही भाजपा का महापौर मिलेगा और ट्रिपल इंजन की सरकार मिलेगी तथा निगम की सेवाएं पुनः सुचारू रूप से प्रारम्भ होंगी।
श्री सचदेवा ने सोमवार को मीडियाकर्मियों से कहा कि दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) चुनाव ना लड़ने की आम आदमी पार्टी (आप) की घोषणा राजनीतिक त्याग नहीं, बल्कि निश्चित हार की स्वीकृति है। उन्होंने कहा कि ‘आप” नेताओं सौरभ भारद्वाज तथा पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी की ओर से संवाददाता सम्मेलन का आयोजन करके भाजपा पर पार्षदों की खरीद-फरोख्त करके सत्ता पाने का आरोप लगाना ना सिर्फ हास्यास्पद है, बल्कि ‘आप’ नेतृत्व द्वारा अपनी राजनीतिक तथा प्रशासनिक गलतियों का परिणाम भाजपा पर थोपने जैसा है।
उन्होंने कहा कि 2022 में ‘आप’ के टिकट पर जीत कर आये अधिकांश निगम पार्षद जनता के प्रति अपनी जवाबदेही पूरी करना चाहते थे, लेकिन ‘आप’ नेताओं ने ढाई वर्ष तक नगर निगम का गठन ही नहीं होने दिया, जिसके चलते निगम के विकास, रखरखाव तथा प्रशासनिक कार्य ठप हो गये। जनता के प्रति जवाबदेही समझने वाले ‘आप’ पार्षदों ने अपने नेतृत्व द्वारा दिल्ली नगर निगम गठन को ठप करने से निराश होकर पार्टी छोड़ी है।
श्री सचदेवा ने कहा है कि दिल्ली में पहली बार सातों लोकसभा सांसदों के साथ केन्द्र, विधानसभा तथा नगर निगम में भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार आई है और ‘आप’ नेतृत्व इसी से नाराज़ है और हताश है।
