
शहडोल। जिले के देवलौंद थाना क्षेत्र के करौंदिया गड़ा रोड पर बारातियों से भरी पिकअप पलट गई। हादसे में पिकअप के नीचे दबने से पांच बारातियों की मौत हो गई, जबकि 20 घायल हो गए। सोमवार लगभग 3 बजे के आस पास हुई इस दुर्घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पिकअप में लगभग 25 लोग सवार थे। घायलों में से पांच की हालत गंभीर बनी हुई है। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, सीधी जिले के बहेरा डोल के मझौली से बैगा परिवार के लड़के की बारात देवलौंद के करौंदिया गांव आई थी। विवाह समारोह के बाद पिकअप सवार बाराती वापस मझौली लौट रहे थे, इस दौरान करौंदिया गड़ा रोड पर सामने से आ रही बाइक से पिकअप की टक्कर हो गई। हादसे के बाद पिकअप पलट गई, जिसके नीचे कई बाराती दब गए। लोगों और सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया।
