सांसद मेहदी एवं मट्टू के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी अन्यायपूर्णः महबूबा मुफ्ती

श्रीनगर, 04 मार्च (वार्ता) जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने सांसद आगा रुहुल्लाह मेहदी और श्रीनगर के पूर्व महापौर जुनैद अजीम मट्टू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किए जाने की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने इस कदम को ‘बेहद अनुचित और अन्यायपूर्ण’ करार दिया है।

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने मंगलवार को श्रीनगर के सांसद मेहदी और श्री मट्टू के खिलाफ सोशल मीडिया पर ‘भ्रामक सामग्री’ साझा करने के आरोप में मामले दर्ज किए थे। सुश्री महबूबा ने बुधवार को मांग की कि दोनों नेताओं के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी को तुरंत वापस लिया जाए।

पूर्व मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “सिर्फ इसलिए कि केंद्र सरकार और जम्मू-कश्मीर की नेशनल कॉन्फ्रेंस सरकार ने ईरान के खिलाफ अमेरिका और इजराइल की आक्रामक कार्रवाई और वहां के सर्वोच्च नेता की शहादत पर चुप रहने का विकल्प चुना है, इसका मतलब यह नहीं है कि जो लोग आवाज उठा रहे हैं वे अपराधी हैं।”

श्री मेहदी और श्री मट्टू दोनों ही ईरानी सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या और 28 फरवरी से ईरान पर अमेरिका तथा इजराइल द्वारा किए जा रहे हमलों की निंदा कर रहे हैं।

पुलिस का कहना है कि ये प्राथमिकी ‘विश्वसनीय इनपुट’ मिलने के बाद दर्ज की गई हैं, जिसमें डिजिटल और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सार्वजनिक व्यवस्था बिगाड़ने और अवैध गतिविधियों को भड़काने के इरादे से झूठी और भ्रामक सामग्री फैलाने की बात कही गई है। श्रीनगर के साइबर पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामले दर्ज किए गए हैं।

इस बीच, सुश्री महबूबा ने श्रीनगर में पार्टी मुख्यालय पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के पुतले जलाए। उन्होंने बाद में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए ईरान पर हाल के हमलों पर केंद्र सरकार की चुप्पी की आलोचना की। उन्होंने इस बात पर भी अफसोस जताया कि खाड़ी और पश्चिम एशिया के कई मुस्लिम बहुल देशों ने इन हमलों का खुलकर विरोध नहीं किया है। उन्होंने लोगों से कानून को हाथ में न लेने की अपील करते हुए शांतिपूर्ण विरोध पर जोर दिया।

 

 

Next Post

मुख्यमंत्री निवास में होली के रंगों की बौछार: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अधिकारियों-कर्मचारियों संग खेली होली

Wed Mar 4 , 2026
रायपुर, 04 मार्च (वार्ता) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ पूरे उत्साह और उमंग के साथ होली का पर्व मनाया। पारंपरिक फाग गीतों और हर्षोल्लास के वातावरण में रंग और उल्लास से सराबोर इस अवसर पर सभी […]

You May Like