जबलपुर: तिलवारा थाना अंतर्गत वृद्धाश्रम के पास एक अधिवक्ता के कार्यालय पर जबरन कब्जा करने की नीयत से आए बदमाशों ने ताला तोडऩे का प्रयास किया। जब अधिवक्ता और उनके साथी ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उनके कपड़े फाड़ दिए और लात-घूसों से बेरहमी से मारपीट की।पुलिस के मुताबिक गढ़ा के झंडा चौक निवासी अधिवक्ता अतुल पटैल (32) का तिलवारा क्षेत्र में वृद्धाश्रम के पास एक कार्यालय है। गत शाम करीब 7 बजे अधिवक्ता अतुल अपने दोस्त राकेश जयसवाल के साथ ऑफिस में मौजूद थे।
इसी दौरान धनवंतरीनगर संजीवनीनगर निवासी विवेक चक्रवर्ती और विनय चक्रवर्ती अपने 2-3 अन्य साथियों के साथ वहां पहुंचे और जबरन दुकान का ताला तोडऩे लगे। अधिवक्ता अतुल और उनके साथी राकेश ने जब ताला तोडऩे का विरोध किया, तो आरोपी भडक़ गए। आरोपियों ने हमला कर दिया। मारपीट इतनी बर्बर थी कि पीडि़तों के कपड़े फट गए। आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। इस हमले में अधिवक्ता अतुल की गर्दन और उंगली में तथा राकेश की कोहनी और पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं।
