
भोपाल। राजधानी के शाहजहांनाबाद पुलिस ने धारदार हथियार के साथ जिला बदर बदमाश को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की हैं. आरोपी, मोहम्मद अरहम, जिसके खिलाफ शहर के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास और लूटपाट जैसे 26 संगीन मामले दर्ज हैं, जो पुलिस को चकमा देकर शहर में घूम रहा था.
थाना प्रभारी उमेश पाल सिंह ने बताया कि भोपाल गेट के पास वाहनों की नियमित चेकिंग के दौरान एक काले रंग की थार गाड़ी को संदिग्ध पाया। पुलिस को देखकर गाड़ी चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम मोहम्मद अरहम बताया और तलाशी लेने पर गाड़ी से एक अवैध छूरी बरामद हुई.
पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी अरहम को कोतवाली पुलिस ने पहले ही जिला बदर किया हुआ था और वह नियमों का उल्लंघन कर शहर में घूम रहा था। प्रारंभिक पूछताछ में यह भी सामने आया है कि उसने हाल ही में एम.पी. नगर थाना क्षेत्र में भी एक वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट और जिला बदर के उल्लंघन का मामला दर्ज कर लिया है.
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से थार गाड़ी और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है, जिसकी मदद से उसके साथियों और अन्य ठिकानों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है.
