इटरनल ने विदेशी निवेश की सीमा बढ़ाकर की 49.5 प्रतिशत

मुंबई, (वार्ता) ऑनलाइन खान-पान डिलिवरी सेवा प्रदाता कंपनी इटरनल लिमिटेड (पूर्व में जोमैटो लिमिटेड) ने कंपनी में विदेशी निवेश की सीमा बढ़ाकर 49.5 प्रतिशत करने का प्रस्ताव पारित किया है।

कंपनी ने शुक्रवार को शेयर बाजार को बताया कि इटरनल लिमिटेड ने आज आयोजित अपनी बोर्ड बैठक में विदेशी निवेश की सीमा को बढ़ाकर 49.5 प्रतिशत करने का महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किया है। कंपनी ने यह निर्णय पूंजी बाजार नियामक भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के लिस्टिंग दायित्व और प्रकटीकरण आवश्यकताएं (एलओडीआर) विनियम, 2015 के तहत लिया है।

इस प्रस्ताव के तहत कंपनी की इक्विटी में कुल विदेशी स्वामित्व, जिसमें प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई), विदेशी पोर्टफोलियो निवेश (एफपीआई) और अप्रवासी भारतीय (एनआरआई) निवेश शामिल हैं को 49.50 प्रतिशत तक सीमित किया जाएगा। यह प्रस्ताव विशेष संकल्प के रूप में कंपनी के शेयरधारकों से डाक मतपत्र के माध्यम से अनुमोदन के लिए प्रस्तुत किया जाएगा।

बोर्ड ने डाक मतपत्र के माध्यम से इस प्रस्ताव को शेयरधारकों के समक्ष रखने और इस संदर्भ में आवश्यक नोटिस जारी करने को भी मंजूरी दे दी है। कंपनी का यह कदम विदेशी निवेशकों के लिए भागीदारी के नए रास्ते खोलने, पूंजी प्रवाह को प्रोत्साहित करने और वैश्विक प्रतिस्पर्धा में अपनी स्थिति मजबूत करने की रणनीति के अंतर्गत देखा जा रहा है।

 

Next Post

जीएसटी पंजीकरण प्रक्रिया आसान बनाने के लिए आवेदन प्रोसेसिंग संबंधी संशोधित निर्देश

Sat Apr 19 , 2025
नयी दिल्ली, (वार्ता) वित्त मंत्रालय के अंतर्गत आने वाली एजेंसी केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर और सीमा शुल्क बोर्ड (सीबीआईसी) माल एवं सेवा कर (जीएसटी) पंजीकरण में इकाइयों की सुविधा के लिए अधिकारियों को आवेदन की प्रोसेसिंग करते समय अनुमान के आधार पर, छोटी-मोटी विसंगतियों के कारण या ऐसे अतिरिक्त दस्तावेजों के […]

You May Like