सिंगरौली। जिले के पूर्वी सरई वन विभाग रेंज बरगवां अंतर्गत खनुआ जंगल में मंगलवार शाम लगभग 4:30 बजे भालू के हमले में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, खनुआ निवासी हीरा अगरिया (45) और शिवकुमार पटेल बकरियां चराने जंगल गए थे। वहीं, गजरा-बहरा निवासी गणेश बैस (45), जो मझौलीपाठ विद्यालय में अतिथि शिक्षक थे, भी जंगल में मौजूद थे। अचानक भालू ने गणेश बैस पर हमला कर दिया। उन्हें बचाने पहुंचे हीरा अगरिया पर भी भालू टूट पड़ा। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
इस बीच, हमले में शिवकुमार पटेल घायल हो गए, जिन्हें तुरंत जिला मुख्यालय बैढ़न लाकर निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग के डिप्टी रेंजर रंगलाल पनिका टीम सहित मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी। साथ ही, वन विभाग ने जंगल में सर्चिंग अभियान शुरू कर दिया है। वहीं, मृतकों के घरों में मातम और पूरे क्षेत्र में दहशत का वातावरण व्याप्त है।
इनका कहना
खनुआखास व जमगड़ी के जंगल में एक भालू ने हमला किया है। इस हमले में दो लोगों की मौत हो गई है। एक घायल है, जिसका उपचार चल रहा है। मृतको का पीएम कराया जाएगा। आमजन से अपील की गई है कि सतर्क रहे, जंगल में जाने से बचे।
अखिल बंसल
डीएफओ, सिंगरौली
