इंदौर: शहर के रीगल चौराहे स्थित पुलिस कंट्रोल रूम पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक खून से लथपथ युवक वहाँ पहुंचकर हंगामा करने लगा. युवक की पहचान संजय के रूप में हुई है, जो नशे की हालत में था और उसके शरीर पर चोट के गहरे निशान थे. मामला नशा करते समय हुए विवाद और हमले से जुड़ा बताया जा रहा है. सूत्रों के मुताबिक, संजय नशा करने के दौरान अपने ही साथी से किसी बात को लेकर उलझ पड़ा.
विवाद इतना बढ़ा कि उसके साथी ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया. घायल अवस्था में संजय पहले भंवरकुआ थाना पहुँचा और घटना की शिकायत दर्ज कराने का प्रयास किया. फरियादी संजय का आरोप है कि भंवरकुआ पुलिस ने उसकी शिकायत दर्ज करने से मना कर दिया, जिसके बाद वह सीधे पुलिस मुख्यालय, रीगल चौराहा पहुंच गया.
यहाँ उसने शिकायत दर्ज करवाने की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया. पुलिस कंट्रोल रूम में मौजूद अधिकारियों ने स्थिति को गंभीरता से लेते हुए संजय को तत्काल उपचार के लिए एमवाय अस्पताल भिजवाया. वहीं, पुलिस के आला अधिकारियों द्वारा भंवरकुआ थाना प्रभारी को मामले में केस दर्ज करने के निर्देश दिए हैं.
