
नवभारत न्यूज
रीवा, 24 जनवरी, समर्थन मूल्य पर जिले भर में धान की खरीदी की गई. 95 केन्द्रो में खरीदी हुई, जहा कई जगह गड़बड़ी पाई गई. सोहागी खरीदी केन्द्र में निरीक्षण के दौरान धान कम पाई गई थी, जिसकी जांच कलेक्टर द्वारा कराई गई. 18 लाख से अधिक की अनियमितता मिलने पर खरीदी केन्द्र के प्रभारी और डाटा इंट्री आपरेटर के खिलाफ सोहागी थाने में प्रकरण दर्ज कराया गया. पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
धान उपार्जन केन्द्र सोहागी में नायब तहसीलदार त्योंथर वीरेन्द्र द्विवेदी तथा जिला प्रबंधक सहकारी बैंक ज्ञानेन्द्र पाण्डेय द्वारा 13 जनवरी को निरीक्षण किया गया था. निरीक्षण में 5146.60 क्विटल धान कम पाई गई. इसे पोर्टल पर किसानों के खाते में तो दर्ज कर दिया गया था किन्तु खरीदी केन्द्र में धान नहीं पाई गई. इसकी कुल राशि एक करोड़ 18 लाख 37 हजार 502 रुपए है. इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने दोषियों के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही के निर्देश दिए. धान खरीदी में प्रथम दृष्टया खरीदी केन्द्र प्रभारी राजाबाबू यादव तथा डाटा एन्ट्री आपरेटर श्रीकांत मिश्रा दोषी पाए गए. इनके विरूद्ध थाना सोहागी में धारा 173 बीएनएसएस के तहत प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज की गई है. पुलिस द्वारा प्रकरण की विवेचना करके कार्यवाही की जा रही है.
