युद्ध और संघर्ष से जुड़ी चिंताओं का समाधान अद्वैत के विचारों में है : पीएम मोदी

आनंदपुर धाम। आनंदपुर धाम में आज शाम पूजा अर्चना के बाद देशभर से आए श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि आज दुनिया में भौतिक उन्नति के बीच मानवता, युद्ध व संघर्ष से भरी कई चिंता भी मौजूद है। वो मानसिकता जो मानव को मानव से दूर करती है। आज विश्व भी समाधान खोज रहा है कि इनका समाधन कहा मिलेगा, इनका समाधान अद्वैत के विचारों में मिलेगा।

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि अद्वैत यानी एक ही ईश्वर को देखने का विचार। इससे आगे सृष्टि को संपूर्ण देखने की सोच ही अद्वैत है। इसी अद्वैत सिद्धांत को परम दयाल महाराज सरल शब्दों में कहते थे सो तू है तो मैं हूं। यह विचार मेरे और तुम्हारे का भेद खत्म कर देता है। और विचार सब मान ले तो सारे झगड़े ही खत्म हो जाएं। अभी कुछ देर पहले ही छठे पादशाही महाराज से चर्चा हो रही थी। वे मुझे आनंद धाम के बारे में बता रहे थे। यहां के पांच काम बता रहे थे। सेवा की इसी संस्कृति को आनंदपुर ट्रस्ट आगे बढ़ा रहा है। यहां इलाज होता है, मुफ्त शिविर लगाए जाते हैं। आधुनिक गौशाला भी चलाई जाती है। स्कूल भी चलाए जा रहे हैं। इतना ही नहीं आनंदपुर धाम पर्यावरण के क्षेत्र में मानवता की सेवा कर रहा है। यहां के अनुयायियों ने हजारों एकड़ बंजर जमीन को हरा-भरा बनाया है। यह पेड़ परमार्थ के काम आ रहे हैं। सेवा की यही भावना आज हमारी सरकार के हर प्रयास के केंद्र में है। हर जरूरतमंद प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना में खाने की चिंता से मुक्त है। आज हर गरीब पीएम आवास योजना में लाभांवित हो रहा है। मुफ्त इलाज हो रहा है। गरीब बच्चों के सपने साकार हो रहे हैं।

आनंदपुर धाम में पीएम मोदी ने कहा कि आज मन आनंद से भर गया है। मोदी ने आनंदपुर धाम में गुरुजी महाराज मंदिर में दर्शन और पूजा कर 315 हेक्टेयर क्षेत्र में फैले आनंदपुर धाम का भ्रमण किया और अद्वैत मठ के देश-विदेश में मौजूद अनुयायियों को संबोधित किया।

एमपी अजब है और गजब है

मोदी ने कहा कि अशोकनगर और आनंदपुर धाम जैसे क्षेत्र ने देश को इतना कुछ दिया है। यहां विकास की असीम संभावना है। हम एमपी और अशोक नगर को तेजी से बढ़ा रहे हैं। चंदेरी साड़ी को आगे बढ़ाने के लिए जीआई टैग दिया गया है। कुछ ही दिन पहले रामनवमी का महापर्व था, हम देश में राम वन गमन पथ का विकास कर रहे हैं। इसका एक अहम हिस्सा मध्यप्रदेश से गुजर रहा है। और हमारा एमपी तो पहले से ही अजब और गजब है।

मोदी ने कहा कि आज आनंदपुर धाम में आकर मन अविभूत है। मैंने मंदिर में दर्शन किए। मन आनंद से भर गया। जहां का कण कण संतों ने सींचा है, जो लोगों का मार्ग प्रशस्त करते हैं, वो धरती साधारण नहीं है। इसलिए हमारे संतों ने अशोक नगर के बारे में कहा था कि यहां शोक आने से डरता है। मुझे खुशी है कि यहां बैसाखी और गुरु महाराज के अवतरण दिवस पर शामिल होने का सौभाग्य मिला है। मैं इस पवित्र अवसर पर प्रथम पादशाही अद्वैत आनंदजी महाराज सहित सभी संतों को प्रणाम करता हूं। मुझे जानकारी मिली है कि आज ही के दिन 1936 में द्वितीय पादशाही को महासमाधि दी गई थी। आज के ही दिन 1964 में तृतीय पादशाही निज स्वरूप में लीन हुए थे। मैं दोनों को श्रद्धासुमन अर्पित करता हूं। मैं मा जागेश्वरी देवी, मां बिजासन, मां जानकी करीला माता धाम को भी प्रणाम करता हूं। मोदी ने जय सच्चिदानंद का जयकारा लगाया। उन्होंने राज्यपाल मंगूभाई पटेल, ज्योतिरादित्य सिंधिया, मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव, वीडी शर्मा का नाम लेकर संबोधित किया।

*मठ की ओर से पीएम मोदी का स्वागत*

अद्वैत मठ की तरफ से पीएम मोदी का स्वागत किया गया। मठ की ओर से बताया गया कि जिस प्रकार हमारे पीएम के नेतृत्व में महाकुंभ का विश्वस्तरीय आयोजन हुआ। आस्था का समागम था। करोड़ों भक्तों ने आत्मिक आनंद की प्राप्ति की। ऐसा लग रहा था जैसे भगवान ने सभी को एक माला में पिरो दिया हो। जब राम मंदिर में भगवान रामलला की मूर्ति की स्थापना हो रही थी तब भी सबकुछ राममय हो गया था। जयश्री सच्चिदानंद के जयकारे के साथ पीएम मोदी ने भाषण खत्म किया।

प्रधानमंत्री ने मठ के गुरु और उनके शिष्यों के साथ पूजा-अर्चना की। साथ ही आनंदपुर धाम के परिसर का भ्रमण किया।

Next Post

डकैती की साजिश रचते हुए खजराना पुलिस के हत्थे चढ़े छह बदमाश

Fri Apr 11 , 2025
हथियारों से लैस गिरोह पेट्रोल पंप पर डकैती की बना रहा था योजना, मौके से हथियार और सामान बरामद   इंदौर। शहर में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा दिए गए निर्देशों के तहत खजराना थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने डकैती की […]

You May Like