
भोपाल। इंदौर स्थित रेसीडेंसी कोठी में आज सुबह उस समय राजनीतिक माहौल गरमा गया, जब कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह और भाजपा नेत्री ऊषा ठाकुर के बीच सनातन धर्म को लेकर तीखी लेकिन रोचक चर्चा हो गई।
जानकारी के अनुसार, दिग्विजय सिंह इंदौर प्रवास के दौरान रेसीडेंसी कोठी में ठहरे हुए थे। सुबह बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उनसे मिलने पहुंचे थे। इसी दौरान भाजपा नेत्री उषा ठाकुर भी वहां पहुंचीं और कार्यकर्ताओं के बीच सनातन धर्म को लेकर चर्चा करने लगीं।
कुछ देर बाद दिग्विजय सिंह भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने स्वयं को सनातन धर्म का अनुयायी बताते हुए उषा ठाकुर को जवाब दिया। उन्होंने कहा कि वे सनातन परंपरा को मानने वाले हैं और पहले भाजपा केवल हिंदू शब्द पर जोर देती थी, जबकि अब सनातन शब्द का उपयोग कर रही है।
चर्चा के दौरान दिग्विजय सिंह ने नर्मदा परिक्रमा और एकादशी व्रत का उल्लेख करते हुए खुद को पक्का सनातनी बताया। वहीं उषा ठाकुर ने कहा कि वे व्यक्तिगत रूप से उन्हें सनातनी मानती हैं, लेकिन सार्वजनिक रूप से ऐसा कम दिखाई देता है। इस पर दिग्विजय सिंह ने जवाब दिया कि वे सार्वजनिक रूप से भी यही बात कह रहे हैं।
