
उज्जैन। भोपाल-जयपुर एक्सप्रेस के एसी कोच में शराब के नशे में हंगामा कर यात्रियों को परेशान कर रहे चार लोगों के खिलाफ जीआरपी ने कार्रवाई करते हुए उन्हें ट्रेन से उतारकर गिरफ्तार कर लिया।
जीआरपी के अनुसार रात को भोपाल-जयपुर एक्सप्रेस के एम-3 कोच से यात्रियों ने रेलवे स्टेशन उज्जैन पर तैनात कर्मचारियों को सूचना दी कि तीन-चार यात्री शराब के नशे में हुड़दंग कर रहे हैं और अन्य यात्रियों को परेशान कर रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार गुप्ता के नेतृत्व में जीआरपी की चेकिंग टीम प्लेटफॉर्म क्रमांक-1 पर पहुंची और संबंधित कोच में कार्रवाई की।
पुलिस ने चारों आरोपियों को ट्रेन से उतारकर थाना लाया। जिला चिकित्सालय में मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उनके खिलाफ मध्य प्रदेश पुलिस एक्ट की धारा 34(6) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई तथा बीएनएसएस की धारा 35(3) के तहत नोटिस देकर पाबंद किया गया। पकड़े गए आरोपियों में सतीश सोनी (47), मनीष सोनी (37), कुलदीप राठौर (26) तथा धीरज परमार (40) निवासी कालापीपल, जिला शाजापुर शामिल हैं। जीआरपी ने बताया कि ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस कार्रवाई में जीआरपी उज्जैन की चेकिंग टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
